सिंगरौली -: एनसीएल खदान और एनटीपीसी कॉलोनी की ओर से आने वाला पानी बलिया नाला के रास्ते लगातार ओवरफ्लो होकर सड़क पर बह रहा है। बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन सड़क पर जमा पानी और फिसलन के कारण दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई बार लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं और वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हुए हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब हर साल बारिश के मौसम में यहां जलभराव की स्थिति सामने आती है, तो इसकी स्थायी व्यवस्था पहले से क्यों नहीं की जाती? बारिश से पहले यहां ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू तो किया गया, लेकिन निर्माण की धीमी गति के कारण बारिश आने तक काम पूरा नहीं हो सका। अब अधूरे निर्माण के बीच जलभराव ने ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ा दी है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या से पूरी तरह परिचित हैं, इसके बावजूद समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि इसी रास्ते से संबंधित अधिकारियों के परिवार और बच्चे रोजाना आवागमन करते, तो शायद सड़क और ओवरब्रिज के निर्माण की गति ऐसी नहीं होती।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि टाउनशिप और कॉलोनी क्षेत्र में सड़क का छोटा हिस्सा खराब होने पर तत्काल मरम्मत करा दी जाती है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को लंबे समय तक नजरअंदाज किया जाता है। इससे लोगों में प्रशासन और संबंधित एजेंसियों के प्रति नाराजगी बढ़ रही है।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि बलिया नाला क्षेत्र में तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कर सड़क को सुरक्षित बनाया जाए और अधूरे ओवरब्रिज निर्माण को तेजी से पूरा कराया जाए। लोगों का सवाल है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं, या हादसा होने से पहले ही इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा?
हालाकी प्रशासन स्तर पर भी लोगो को जागरुक किया जा रहा की जल भराब वाले स्थलो से दूरी बनाए रखें।




Leave a Reply