सिंगरौली -: सावन मास के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के पावन धार्मिक संयोग पर शिवधाम मंदिर, वैढ़न में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगे और भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लग गईं।
भक्तजन पंक्तिबद्ध होकर भूतभावन भगवान शिव एवं महामृत्युंजय भगवान के दर्शन के लिए अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर शिवधाम मंदिर के महाप्रबंधक एवं ज्योतिषविद् पं. डॉ. एन.पी. मिश्र के आचार्यत्व में भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक पूजन-अर्चन एवं विशेष आराधना संपन्न कराई गई। श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से रुद्राभिषेक कर भगवान शिव का जल, दुग्ध एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया तथा सुख, शांति, समृद्धि और आरोग्य की कामना की।
सावन सोमवार और नाग पंचमी के दुर्लभ धार्मिक संयोग को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। दूर-दराज से पहुंचे भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद प्राप्त कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
शिवधाम जन कल्याण समिति के अध्यक्ष एवं जिला पुरोहित महासभा सिंगरौली के अध्यक्ष पं. डॉ. एन.पी. मिश्र ने बताया कि सावन मास में भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व है। श्रद्धा और विश्वास के साथ की गई पूजा-अर्चना से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
सावन के तीसरे सोमवार और नाग पंचमी के संयोग पर शिवधाम मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब




Leave a Reply