Menu

तेज ब्लास्टिंग से लक्ष्मी एंटरप्राइजेज की बाउंड्रीवॉल ढही, मलबे में तब्दील हुआ हिस्सा

Ad

एनसीएल की ब्लास्टिंग पर उठे सवाल, संचालक ने मोरवा थाने में दर्ज कराई शिकायत

सिंगरौली -:  मोरवा वार्ड क्रमांक-4 में एनसीएल की तेज ब्लास्टिंग से लक्ष्मी एंटरप्राइजेज की बाउंड्रीवॉल गिरने का मामला सामने आया है। घटना के बाद लक्ष्मी एंटरप्राइजेज के संचालक अभिषेक अग्रवाल ने एनसीएल की ब्लास्टिंग से हुए नुकसान का आरोप लगाते हुए मोरवा थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

जानकारी के अनुसार 14 अगस्त को दोपहर करीब 1 से 2 बजे के बीच हुई तेज ब्लास्टिंग के बाद बाउंड्रीवॉल का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। दीवार गिरने से ईंट, सीमेंट और कंक्रीट का मलबा सड़क किनारे फैल गया। गनीमत रही कि घटना के समय कोई व्यक्ति इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। हालांकि बाउंड्रीवॉल गिरने से संचालक को आर्थिक नुकसान हुआ है।

सड़क तक फैला मलबा, सुरक्षा पर सवाल
घटना के बाद मौके पर बाउंड्रीवॉल के टूटे हिस्से का मलबा पड़ा हुआ है। ईंट-पत्थरों के टुकड़े सड़क तक पहुंच गए हैं। आसपास आबादी क्षेत्र होने के कारण लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई जा रही है।

पहले भी सामने आ चुकी हैं ब्लास्टिंग से नुकसान की शिकायतें
मोरवा क्षेत्र में एनसीएल की खदानों में होने वाली ब्लास्टिंग को लेकर पहले भी स्थानीय लोगों द्वारा शिकायतें की जाती रही हैं। वर्ष 2024 में भी ब्लास्टिंग के कारण दो मकानों की दीवारों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई थी। वहीं वार्ड क्रमांक-8 में ब्लास्टिंग के दौरान मकान का हिस्सा गिरने से एक किशोरी के घायल होने की घटना भी सामने आई थी, जिसकी शिकायत मोरवा थाने में दर्ज कराई गई थी।
पुरानी बाजार क्षेत्र में भी ब्लास्टिंग के दौरान एक दुकान की छत का प्लास्टर गिरने की घटना सामने आ चुकी है।अब लक्ष्मी एंटरप्राइजेज की बाउंड्रीवॉल गिरने की घटना ने एक बार फिर खदानों के आसपास होने वाली ब्लास्टिंग की तीव्रता और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले में शिकायत के बाद आगे की कार्रवाई का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad