सिंगरौली -: जिले के हर्रहवा क्षेत्र स्थित रिलायंस पावर प्लांट के ऐश डेम (राखड़ बांध) के तटबंध के क्षतिग्रस्त होने से आसपास के क्षेत्र में राखड़युक्त पानी फैलने की घटना सामने आई है। राखड़ के बहाव से कृषि भूमि प्रभावित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने की बात सामने आ रही है। घटना के बाद ग्रामीणों में कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी है।
ग्रामीणों के मुताबिक ऐश डेम से निकला राखड़युक्त पानी आसपास के खेतों और अन्य क्षेत्रों में पहुंच गया, जिससे फसलों को नुकसान हुआ है। वहीं जलस्रोतों के दूषित होने की आशंका भी जताई जा रही है। ग्रामीणों ने ऐश डेम की सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव को लेकर सवाल उठाते हुए मामले की जांच की मांग की है।
घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने, राखड़ के बहाव को रोकने तथा भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस व्यवस्था की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि पूर्व में भी ऐश डेम की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और शिकायतें सामने आती रही हैं, लेकिन अपेक्षित कदम नहीं उठाए गए।
घटना की सूचना के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। प्रभावित क्षेत्र में नुकसान का आकलन किया जा रहा है। अब ग्रामीणों की नजर प्रशासनिक जांच और कंपनी प्रबंधन की ओर से उठाए जाने वाले कदमों पर है।
हर्रहवा में रिलायंस का ऐश डेम हुआ क्रैक खेतों में फैला राखड़; ग्रामीणों में आक्रोश




Leave a Reply