मकरोहर में कार्रवाई: दो आरोपी गिरफ्तार, दो फरार; पुलिस ने 24.86 लाख रुपये का मशरूका किया जब्त
सिंगरौली -: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ सिंगरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा और अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने मकरोहर क्षेत्र में दबिश देकर 91 किलो 790 ग्राम गांजा, 93 लीटर अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त दो कारों को जब्त किया है। कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन गौरव राजपूत के निर्देशन, उप पुलिस महानिरीक्षक रीवा हेमंत चौहान के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सिंगरौली षियाज के.एम. के नेतृत्व में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के पर्यवेक्षण में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी की मौजूदगी में संयुक्त पुलिस टीम ने मकरोहर क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम मकरोहर क्षेत्र में बड़े स्तर पर अवैध गांजा और शराब का भंडारण कर बिक्री एवं तस्करी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से संबंधित स्थान पर दबिश दी। मौके से भारी मात्रा में मादक पदार्थ और शराब बरामद की गई।
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. स्वयं मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने जब्त सामग्री, वाहनों और पूरे मामले की जानकारी लेते हुए मादक पदार्थ की सप्लाई चेन से जुड़े लोगों तक पहुंचने के निर्देश दिए।
24 लाख से अधिक का सामान जब्त
पुलिस ने कार्रवाई में 91 किलो 790 ग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी अनुमानित कीमत 18 लाख 35 हजार 800 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 93 लीटर अवैध शराब भी बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 51 हजार 110 रुपये है।
मादक पदार्थ और शराब के परिवहन में प्रयुक्त होंडा कार क्रमांक WB06A5526 और टाटा कार क्रमांक UP64U7303 को भी जब्त किया गया है। दोनों वाहनों की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये है। पुलिस ने कुल 24 लाख 86 हजार 910 रुपये का मशरूका जब्त किया है।
दो आरोपी गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
पुलिस ने मौके से भूपेंद्र सिंह पिता किशुन सिंह (32 वर्ष) निवासी मकरोहर और सुशील सिंह पिता राज रावण सिंह (36 वर्ष) निवासी मकरोहर को गिरफ्तार किया है। मामले में कुल चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई है, जिसमें दो आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस द्वारा आरोपियों के नेटवर्क, गांजा और शराब की सप्लाई के स्रोत तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक पवन सिंह, उप निरीक्षक उदय करिहार, सासन चौकी प्रभारी उप निरीक्षक बी.एल. बंसल सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी-कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में मादक पदार्थों की बिक्री, भंडारण और तस्करी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।




Leave a Reply