सिंगरौली। अपर मुख्य सचिव नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग संजय दुबे की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभागार में मध्यप्रदेश गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल तथा नगर पालिक निगम सिंगरौली के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कमिश्नर हाउसिंग बोर्ड गौतम सिंह एवं कलेक्टर गौरव बैनल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों ने जिले में संचालित आवासीय एवं अधोसंरचना विकास कार्यों की जानकारी दी। वहीं नगर निगम आयुक्त ने अमृत योजना 1.0 एवं 2.0, अमृत हरित अभियान, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना एवं स्वच्छ भारत मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
अपर मुख्य सचिव संजय दुबे ने एनसीएल अधिकारियों से विस्थापित परिवारों के पुनर्वास, पुनर्वास कॉलोनी निर्माण एवं कौशल विकास कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विस्थापित परिवारों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कॉलोनियों का योजनाबद्ध विकास किया जाए। इसके लिए हाउसिंग बोर्ड अथवा निजी बिल्डर के माध्यम से प्लाट विकसित कर कॉलोनी निर्माण की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नवीन बस स्टैंड निर्माण में यात्रियों और आम नागरिकों की सुविधाओं को प्राथमिकता देने को कहा। बस स्टैंड में दुकानों, यात्री प्रतीक्षालय, शौचालय, रेस्टोरेंट सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिले के युवाओं एवं विस्थापित परिवारों के सदस्यों के कौशल विकास के लिए नवीन आईटीआई संस्था स्थापित करने पर भी चर्चा हुई। औद्योगिक संस्थानों की जरूरतों के अनुसार युवाओं को प्रशिक्षण देने तथा मैकेनाइज्ड माइनिंग एवं अंडरग्राउंड माइनिंग के क्षेत्र में रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
नगर निगम योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना साइट-1 की रिक्त भूमि पर एलआईजी एवं एमआईजी आवास निर्माण जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए। अमृत योजना 2.0 के तहत छूटे हुए मोहल्लों में पाइप लाइन विस्तार कर सभी पात्र परिवारों को नल कनेक्शन से पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, हाउसिंग बोर्ड के संभागीय अधिकारी, एनसीएल के वरिष्ठ अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




Leave a Reply