सात माह में 120 से अधिक चालकों पर हुई कार्रवाई, न्यायालय ने लगाया 13.50 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना
सिंगरौली। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा तथा नगर पुलिस अधीक्षक हेमंत कुमार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस टीम ने 5-6 अगस्त 2026 की मध्य रात्रि को शहर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर औचक चेकिंग अभियान चलाया।अभियान के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 7 वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने सभी वाहन चालकों का ब्रेथ एनालाइजर एवं मेडिकल परीक्षण कराया। इसके बाद चालान की कार्रवाई करते हुए उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन के लिए प्रकरण परिवहन विभाग को भेजे जाएंगे।
सात माह में 120 से अधिक वाहन चालकों पर कार्रवाई
यातायात पुलिस के अनुसार जनवरी से जुलाई 2026 तक जिले में शराब पीकर वाहन चलाने वाले 120 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। इन मामलों में माननीय न्यायालय द्वारा 13 लाख 50 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना भी लगाया गया है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में वाहन चलाना न केवल चालक के लिए बल्कि सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। अधिकांश सड़क दुर्घटनाओं में लापरवाही और नशे में वाहन चलाना प्रमुख कारणों में शामिल है।
नियम तोड़ने वालों पर जारी रहेगी सख्ती
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में यह विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद किसी भी परिस्थिति में वाहन न चलाएं। स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ परिवार और समाज की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यातायात नियमों का पालन करें।




Leave a Reply