Menu

बैल चराने गया युवक नदी में डूबा, ग्रामीणों ने बाहर निकाला, मौत से गांव में मातम

Ad

हर्रहवा गांव की घटना, पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शुरू की जांच

सिंगरौली। जिले के बैढ़न थाना क्षेत्र अंतर्गत हर्रहवा गांव में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 21 वर्षीय युवक की नदी में डूबने से मौत हो गई। युवक अपने बैलों को चराने के लिए नदी किनारे गया था, तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बाबूराम शाह (21), पिता स्वर्गीय राम प्रसाद शाह, निवासी हर्रहवा भाड़ी टोला के रूप में हुई है। बताया गया कि गुरुवार सुबह बाबूराम अपने बैलों को चराने के लिए हर्रहवा नदी के केवट मोहल्ला स्थित तट पर गया था। इसी दौरान किसी कारणवश उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नदी के गहरे पानी में समा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद बाबूराम को नदी से बाहर निकाला। हालांकि तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर बैढ़न थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए ट्रॉमा सेंटर भेज दिया।

थाना प्रभारी अशोक सिंह परिहार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला नदी में डूबने का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक किन परिस्थितियों में नदी के गहरे पानी में पहुंचा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने, चेतावनी बोर्ड लगाने और बरसात के मौसम में लोगों को सतर्क करने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad