Menu

युवा शक्ति विकसित भारत की मजबूत नींव : प्रो. विनोद सिंह

Ad

सिंगरौली -: महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, एनटीपीसी परिसर शक्तिनगर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम के तत्वावधान में मंगलवार को युवा सक्रियता, मीडिया और विकसित भारत विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग, महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ, वाराणसी के प्रो. विनोद कुमार सिंह ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में मीडिया, विशेषकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया, युवाओं को अपनी बात वैश्विक स्तर तक पहुंचाने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। प्रधानमंत्री के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा और मीडिया दोनों महत्वपूर्ण ऊर्जा स्रोत हैं।

मुख्य वक्ता वरिष्ठ प्राध्यापिका डॉ. अपर्णा त्रिपाठी ने कहा कि युवा संस्कृति और राष्ट्र निर्माण का गहरा संबंध है। सूचना क्रांति के इस दौर में मीडिया को सकारात्मक दिशा देने में युवा स्वयंसेवकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ प्राध्यापक उदय नारायण पाण्डेय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने का सशक्त माध्यम बनती जा रही है। उन्होंने स्वयंसेवकों से समाज और राष्ट्र के विकास में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया।

युवा पत्रकार रोहित कुमार विश्वकर्मा ने वर्तमान सामाजिक व्यवस्था में युवाओं के सामने उत्पन्न चुनौतियों पर प्रकाश डालते हुए उनके समाधान के लिए जागरूकता और सकारात्मक सोच अपनाने पर बल दिया।

कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. छोटे लाल प्रसाद ने किया। इस अवसर पर डॉ. ओम प्रकाश यादव, डॉ. प्रभाकर लाल, अम्बरीश, रविकांत कुशवाहा, अमित कुमार सिंह, हिमांशु, राहुल सोनी, पंकज, साल्वी, अजय, अमृत लाल, नीरज, समीर, प्रभा, खुशबू, ममता, अंजलि सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad