Menu

रजमिलान रोड पर बड़ा हादसा: लौआ नदी पुल की रेलिंग तोड़ 35 टन कोयला लदा ट्रेलर नदी में गिरा, चालक घायल

Ad

माड़ा पुलिस ने शुरू की जांच, तेज रफ्तार या लापरवाही की आशंका

सिंगरौली-: माड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत रजमिलान रोड पर रविवार तड़के एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। लौआ नदी पुल पर 35 टन कोयला लदा एक तेज रफ्तार ट्रेलर अनियंत्रित होकर पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नीचे नदी में जा गिरा। हादसे में ट्रेलर पूरी तरह पलट गया, जबकि चालक घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
जानकारी के अनुसार ट्रेलर अडानी पावर प्लांट की ओर कोयला लेकर जा रहा था। इसी दौरान रजमिलान रोड स्थित लौआ नदी पुल पर वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और देखते ही देखते पुल की मजबूत रेलिंग को तोड़ते हुए नीचे जा गिरा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने इसकी जानकारी माड़ा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को ट्रेलर से बाहर निकाला गया और उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
हादसे में ट्रेलर के क्षतिग्रस्त होने के साथ ही पुल की रेलिंग भी टूट गई है। बताया जा रहा है कि परसोना से रजमिलान जाने वाला यह प्रमुख मार्ग है और हाल ही में सड़क का निर्माण भी कराया गया है। इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार हादसों का कारण बन रही है।
माड़ा पुलिस ने मामले को जांच में लिया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दुर्घटना तेज गति, चालक की लापरवाही, वाहन में तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई। इसके अलावा चालक के नशे की हालत में होने की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad