कोतवाली पुलिस ने तीन चोरी के मामलों का किया खुलासा, चोरी की बाइक सहित सामान बरामद
सिंगरौली। कोतवाली बैढ़न पुलिस ने संपत्ति संबंधी अपराधों में कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल, आईफोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर तीन अलग-अलग चोरी के मामलों का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल सहित अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा एवं प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर ललित बैरागी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार आरोपी धोनी उर्फ धनवंतरी शर्मा पिता स्वर्गीय रामलल्लू शर्मा (20) निवासी तेलाई, थाना बैढ़न को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना बैढ़न में चोरी के तीन प्रकरण दर्ज थे।
जांच में सामने आया कि 18 जून 2026 को अमिलिया थाना माड़ा निवासी अजीत कुमार शाह से बाइक सवार बदमाशों ने झपट्टा मारकर एप्पल कंपनी का आईफोन छीन लिया था। वहीं 7 जुलाई को रीवा जिले के रामपुर कर्चुलियान निवासी सुजल त्रिपाठी की मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 09 वी 9475 चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। इसके अलावा 23 जुलाई को तेलाई निवासी योगेश कुमार पटेल के कमरे का ताला तोड़कर आईपैड, होम थिएटर, ओप्पो इयरबड्स सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी किए गए थे।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर आईफोन छीनने, मोटरसाइकिल चोरी और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक विनय शुक्ला, विनोद सिंह, हरिश्चंद्र सिंह, दिनेश तिवारी, मुनींद्र देव पांडेय, अशोक सिंह सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Leave a Reply