Menu

अवैध परिवहन पर प्रशासन का शिकंजा, संयुक्त कार्रवाई में सात वाहन जब्त

Ad

राखड़ परिवहन में नियमों की अनदेखी पर कार्रवाई, 60 हजार रुपये का राजस्व वसूला

सिंगरौली। जिले में अवैध परिवहन, ओवरलोडिंग और प्रदूषण नियमों के उल्लंघन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती तेज कर दी है। शुक्रवार को एसडीएम माड़ा, क्षेत्रीय परिवहन विभाग, खनिज विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की संयुक्त टीम ने वाहन जांच अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की।

जांच के दौरान राखड़ (फ्लाई ऐश) परिवहन में लगे चार वाहनों सहित कुल सात वाहनों में दस्तावेज संबंधी कमियां और नियमों का उल्लंघन पाया गया। कार्रवाई करते हुए सभी वाहनों को जब्त कर बधौरा चौकी में सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया।

संयुक्त जांच अभियान के दौरान विभिन्न प्रकरणों में 60 हजार रुपये का राजस्व भी वसूला गया। पूरी कार्रवाई जिला परिवहन अधिकारी विक्रम सिंह राठौर की मौजूदगी में संपन्न हुई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध परिवहन, बिना अनुमति वाहन संचालन, ओवरलोडिंग और प्रदूषण संबंधी नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध लगातार अभियान जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने वाहन मालिकों एवं चालकों से अपील की है कि वे परिवहन से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही वाहनों का संचालन करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आमजन की सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को देखते हुए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement
Ad