सिंगरौली। चितरंगी थाना क्षेत्र में हुई युवक की अंधी हत्या का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले का खुलासा शनिवार दोपहर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने किया। उन्होंने बताया कि हत्या की गुत्थी सुलझाने में पुलिस टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम परसोना निवासी संतोष यादव ने 30 जुलाई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका 24 वर्षीय पुत्र बल्लू यादव घर से दूध लेकर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव भंडोरा रोड किनारे खेत में पड़ा मिला। युवक के चेहरे और गर्दन पर चोट के निशान पाए गए थे। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत होने पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक सियाज के.एम. ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को मृतक के परिचित रामायण कोल और उसकी प्रेमिका प्रियंका कोल की संलिप्तता के सुराग मिले। पूछताछ में दोनों ने हत्या की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक बल्लू यादव रामायण कोल की पत्नी के साथ कई बार बातचीत करता था, जिसको लेकर रामायण कोल नाराज था। इसी रंजिश के चलते उसने प्रियंका कोल के साथ मिलकर बल्लू यादव की हत्या की साजिश रची। योजना के अनुसार दोनों ने युवक को बुलाया और धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
पुलिस ने आरोपी रामायण कोल पिता छोटे उर्फ दुलानी कोल (25 वर्ष) निवासी भंडोरा तथा प्रियंका कोल पिता रामायण कोल (23 वर्ष) निवासी भंडोरा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अंधी हत्या का खुलासा करने वाली टीम को प्रोत्साहित करने के लिए 10 हजार रुपये के पुरस्कार की घोषणा की गई है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी चितरंगी निरीक्षक सुधेश तिवारी, उप निरीक्षक आरके वर्मा, उप निरीक्षक उमेश तिवारी, सहायक उप निरीक्षक रमेश कोल सहित पुलिस टीम, एफएसएल यूनिट एवं डॉग स्क्वॉड की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




Leave a Reply